समीक्षा - तरुणाई के तीर
दादाश्री कवि पं. आजाद रामपुरी जी द्वारा 'तरुणाई के तीर' की प्रशस्ति में लिखे गये आशीर्वचन ।
मेरे प्रथम काव्य गुरु एवं बाल्यावस्था में नवजीवन प्रदान करने वाले दादाजी ने अत्यन्त वृध्द हाथों से स्नेहवश काव्यात्मक आशीर्वाद प्रदान किया है जो आप सभी सामने प्रस्तुत है
ग्वालियर
12-10-2021
प्रिय इषुप्रिय,
सदा प्रसन्न रहो!
तुम्हारे गीत संग्रह को पढ़ते ही तात्कालिक गर्व किया। (समय मिला तो गंभीर विवेचना बाद में आलेख के माध्यम से )
दोहे-
ज्यों ही खोली पठन को, तरुणाई के तीर।
त्यों ही मन रमता गया, पुलकित हुआ शरीर।।
बूढ़ा मन था बैठकर, तरुणाई के तीर।
तीरों से आहत हुआ, जगी विरह की पीर।
शृंगारित रसराज की, चली वसन्ती व्यार।
सुप्त वृत्ति जगती बही, डूबि उछरि रस धार।
काव्य कला धर की कलम, गीतकार की पूर्ण।
हुई सरस्वती की कृपा, नौ रस से सम्पूर्ण।
भाव व्यंजना सूक्ष्म अति, गहरी बनी अनन्य।
भाषा सौष्ठव रम्य अति, शब्दकोष से धन्य।
कोमल कान्त पदावली, भावों के अनुकूल।
तुम समर्थ कवि आज ही, पाओ विजयी फूल।
इसी तरह लिखते रहे, मिले तुम्हें गंतव्य।
सुयश फैलता ही रहे, पूरण हो मन्तव्य।
धन्य तुम्हारा कुल हुआ, धन्य हुआ परिवार।
धन्य तो माई- बाप हैं, पा गीतकार साकार।
(अन्य रामपुर की माटी)
सामर्थ्यवान है वही जो भी चढ़ता घाटी।
ईश्वर से है विनय बनी रहे काव्य परिपाटी।
*****
पं. आजाद रामपुरी
ग्वालियर
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें